सिटी सेंटर के पास तड़के चला जांच अभियान
धनबाद। अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के बाद खनन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में सिटी सेंटर के समीप चलाए गए जांच अभियान के दौरान बालू लदे दो वाहनों को जब्त किया गया।
खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
खान निरीक्षक श्याम नंदन सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने तड़के सुबह छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान करीब 200 सीएफटी बालू लदे दो वाहन (JH AT 8754 और JH10BJ 7449) पकड़े गए। कार्रवाई के समय स्थानीय थाना पुलिस की टीम भी मौजूद रही।
जब्त वाहनों को थाने को सौंपा गया
खनन विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया है। विभाग का कहना है कि अवैध बालू उठाव और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों वाहनों पर लग सकता है 2.40 लाख रुपये का जुर्माना
खान निरीक्षक श्याम नंदन सिंह ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एक वाहन पर लगभग 1.20 लाख रुपये का जुर्माना बनता है। इस प्रकार दोनों वाहनों पर कुल मिलाकर करीब 2.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
जरूरत पड़ने पर दर्ज होगी एफआईआर
अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज की जा सकती है।
अवैध बालू कारोबारियों में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एनजीटी के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध खनन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

