हाजीपुर नगर परिषद के लेखापाल के ठिकानों पर छापा, आय से 208 फीसदी अधिक बनाई संपत्ति

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गुरुवार को उनके दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

2 करोड़ से ज्यादा संपत्ति बनाई

वैशाली के हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज कर गुरुवार को उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में उनके पास आय से अधिक करीब 2.02 करोड़ रुपये की संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में 208.57 प्रतिशत अधिक है।

Advertisement

आवास और कार्यालय से जुड़े ठिकानों पर रेड

मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया। इसके बाद गुरुवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई। ईओयू की अलग-अलग टीमें हाजीपुर के बागमली स्थित उनके आवास और हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय से जुड़े ठिकानों की तलाशी ले रही हैं।

आय के स्रोतों का पता लगाने में जुटी ईओयू

ईओयू अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, नकदी, निवेश और अन्य संपत्तियों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित अतिरिक्त संपत्ति किन स्रोतों से अर्जित की गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

Share This Article