मेदिनीनगर/हरिहरगंज: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी कट्टा बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पलामू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 जून 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव में एक युवक अवैध हथियार रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष), पिता उपेंद्र साव, निवासी सरसोत, थाना हरिहरगंज, जिला पलामू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों से दो अवैध देशी कट्टा बरामद किए गए।
इस संबंध में हरिहरगंज थाना कांड संख्या 105/2026 दिनांक 11 जून 2026 के तहत धारा 25(1-B)a/26 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति को भी मामले में नामजद किया है।
गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। हालांकि मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा, लाल बाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उरांव, प्रीतम कुमार जायसवाल, गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश तथा सहायक पुलिस राजेंद्र कुमार यादव शामिल थे।

