लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे अगले सेना प्रमुख, जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे

Neelam
By Neelam
2 Min Read

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ देश के नए सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) होंगे। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला सेनाध्यक्ष नियुक्त किया है। धीरज सेठ 30 जून, 2026 की दोपहर से अपना पदभार संभालेंगे। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी उसी दिन सेवानिवृत्त होंगे। 

सबसे अनुभवी आर्मर्ड कॉर्प्स अधिकारियों में से एक

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के सबसे अनुभवी आर्मर्ड कॉर्प्स अधिकारियों में से एक हैं और उन्हें सेवा में लगभग चार दशक का अनुभव है। खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी से ग्रेजुएशन के बाद, दिसंबर 1986 में उन्हें आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन मिला था। उन्होंने कई अहम ऑपरेशनल, कमांड और रणनीतिक पदों पर काम किया है।

सैन्य कॅरिअर लगभग चार दशकों का

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का सैन्य कॅरिअर लगभग चार दशकों का है। उन्होंने परिचालन, रणनीतिक और क्षमता विकास सहित कई क्षेत्रों में व्यापक अनुभव प्राप्त किया है। उन्होंने भारतीय सेना की युद्धक क्षमता और दीर्घकालिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अधिकारी ने विभिन्न परिचालन वातावरणों में हर स्तर पर कमान संभाली है। उनके कमांड असाइनमेंट में डेजर्ट सेक्टर में एक आर्मर्ड रेजिमेंट शामिल है। उन्होंने पश्चिमी थिएटर में एक आर्मर्ड ब्रिगेड की भी कमान संभाली है। जम्मू-कश्मीर में एक काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स का नेतृत्व भी किया है। लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाली।

देश की सैन्य तैयारियों को मिलेगी नई धार

केनाइज्ड वॉरफेयर (बख्तरबंद युद्ध) के माहिर और रणनीतिक मामलों के गहरे जानकार लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का सेना प्रमुख बनना देश की सैन्य तैयारियों को एक नई धार देगा। रेगिस्तान से लेकर कश्मीर की वादियों तक और सेना मुख्यालय के नीति-निर्धारण से लेकर संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय मिशन तक, उनका लंबा और शानदार करियर भारतीय सेना को आने वाले समय में और अधिक आधुनिक और आक्रामक बनाने में बेहद अहम साबित होगा।

Share This Article