पलामू की अमानत बराज योजना को मिली मंजूरी, 947.26 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

KK Sagar
2 Min Read

पलामू। पलामू जिले की बहुप्रतीक्षित अमानत बराज योजना को बड़ी मंजूरी मिल गई है। झारखंड सरकार की मंत्रिपरिषद ने योजना के 947.26 करोड़ रुपये के तृतीय पुनरीक्षित प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया।

इस संबंध में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि अमानत बराज परियोजना पलामू के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इसके पूरा होने से जिले की कृषि व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह परियोजना पलामू के किसानों, ग्रामीण परिवारों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से जुड़ी हुई है। परियोजना के पूरा होने के बाद हजारों किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पलामू लंबे समय से सिंचाई संसाधनों की कमी और अनियमित वर्षा की समस्या से जूझता रहा है। ऐसे में अमानत बराज योजना कृषि क्षेत्र में स्थायी सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सरकार के अनुसार, परियोजना के माध्यम से खेतों तक पानी की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना है। इसके साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अमानत बराज योजना को लेकर क्षेत्र के किसान और जनप्रतिनिधि लंबे समय से प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रहे थे। मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध है तथा पलामू सहित पूरे झारखंड में सिंचाई और कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद पलामू क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....