जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन ने दिए निर्देश, मॉडल स्वच्छता परिसर और सैनिटेशन पार्क के लिए होगा स्थल चयन
धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों से जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए जल सेवा ऐप के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्र के खराब चापाकलों और जलमीनारों की शिकायत दर्ज कराने को कहा, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
जल संकट और भूजल स्तर में सुधार के लिए एगारकुंड, कलियासोल तथा धनबाद प्रखंड कार्यालय के आसपास डीएमएफटी मद से बड़े तालाब बनाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे विभिन्न विभागों के साथ प्रखंड स्तरीय बैठक कर स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य संस्थानों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सर्वे कराएं।
बैठक के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, धनबाद के कनीय अभियंता को एफएचटीसी (FHTC) की एंट्री नहीं करने पर फटकार भी लगाई गई।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान सभी बीडीओ को अपने प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत को मॉडल ग्राम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा श्रमदान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा प्रखंड स्तर पर मॉडल सामुदायिक स्वच्छता परिसर (सीएससी) और वेस्ट-टू-आर्ट पार्क (सैनिटेशन पार्क) के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने को कहा गया। वहीं उच्च विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर 15वें वित्त आयोग की राशि से भष्मक निर्माण हेतु योजना स्वीकृत करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, पीएचईडी-1 एवं पीएचईडी-2 के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

