अब तक सरकारी बंगला खाली नहीं करने की जिद्द कर अड़ी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के तेवर अब नरम पड़ते दिख रहे हैं। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड से सामान शिफ्ट किया जा रहा है।
1 पोलो रोड पर शिफ्ट हो रहा सामान
राज्य सरकार की ओर से नोटिस और विवाद के बाद अचानक लालू परिवार की ओर से शिफ्टिंग शुरू कर दी गई है। वीडियो जो सामने आया है, उसके मुताबिक एसी सहित बंगले के कई सामान ट्रकों में लोड कर तेजस्वी यादव के आवास 1 पोलो रोड पर शिफ्ट किया जा रहा है।
अतिरिक्त समय की मांग के बावजूद खाली हो रहा बंगला
जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, जिसकी समय-सीमा 15 जून को समाप्त हो चुकी है। हालांकि, राबड़ी देवी की ओर से कुछ अतिरिक्त समय की मांग भी की गई है। 16 जून को लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए बिहार सरकार को राबड़ी देवी की ओर से पत्र लिखा गया था। राबड़ी देवी ने ये भी बताया था कि किस तरह से इस बंगले में लालू के स्वास्थ्य को देखते हुए इसका विस्तार किया गया था। ऐसे में जल्दीबाजी में इसे खाली करने पर उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके बावजूद बंगला खाली किया जा रहा है।
10 सर्कुलर रोड वाला बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित
बता दें कि राबड़ी देवी को सरकार ने 39 हार्डिंग रोड पर बंगले का आवंटन किया। नोटिस दिया गया कि 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला छोड़ दें। राबड़ी देवी इस बंगले में वर्षों से रह रही थीं। सम्राट चौधरी की सरकार ने इस बंगले को मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है। उसके बाद राबड़ी देवी को नोटिस दिया गया कि बंगला खाली कर दें। हालांकि राबड़ी देवी ने कहा था कि वो बंगला खाली नहीं करेंगी। जिसे करवाना है, वो करवा ले। अब अचानक बंगले से सामान बाहर जाने लगा है, तो चर्चा तेज हो गई है।

