मंगरा, बरवाडीह और छीपादोहर स्टेशन पहुंचे डीआरएम अखिलेश मिश्र, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अखिलेश मिश्र ने गुरुवार को बरवाडीह क्षेत्र एवं इसके आसपास के रेलवे स्टेशनों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों और विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने मंगरा, बरवाडीह एवं छीपादोहर स्टेशनों पर हाल ही में निर्मित नए स्टेशन भवनों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन परिसरों में उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये।
इस दौरान डीआरएम ने मंगरा-बरवाडीह-मैकलुस्कीगंज रेलखंड के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नल व्यवस्था, संरक्षा मानकों और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के नियमित निरीक्षण से संरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

