डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से रेस है। उपायुक्त के दिशा-निर्देश के अनुसार जिले में 10 जून से 25 जून तक विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्पाद व मद्य-निषेध विभाग द्वारा क्षेत्र के प्रख्यात हरिणा मेला में एक वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और मेलार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।
पूरे मेला क्षेत्र में बैनर-पोस्टर से जागरूकता
हरिणा मंदिर परिसर और संपूर्ण मेला क्षेत्र में नशा मुक्ति से जुड़े संदेशों वाले आकर्षक बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए। विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और मेले के आगंतुकों से सीधा संवाद किया। लोगों को बताया गया कि नशा न सिर्फ एक व्यक्ति को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। अभियान के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नशा मुक्ति केवल प्रशासन के बूते संभव नहीं है, इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी और सजगता सबसे अहम है।
लोगों ने लिया अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार का संकल्प
मेले में आए लोगों ने इस मुहिम में काफी दिलचस्पी दिखाई। स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने न केवल अधिकारियों की बातों को ध्यान से सुना, बल्कि यह संकल्प भी लिया कि वे अपने-अपने गांवों, मोहल्लों और क्षेत्रों में जाकर इस नशा मुक्ति अभियान का प्रचार-प्रसार करेंगे और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
25 जून तक जारी रहेगा सघन अभियान
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर यह अभियान आगामी 25 जून तक लगातार जारी रहेगा। इसके तहत जिले के विभिन्न हाट-बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाया जा सके।

