झारखंड राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के भीतर की दरार फिर सामने आ गई है। झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के बीच भयंकर विवाद चल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने अपने सहयोगी साथी दल पर दगाबाजी का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि झारखंड ही नहीं, बिहार विधानसभा चुनाव में भी उसके साथ दगा हुआ।
कांग्रेस प्रवक्ता का आरजेडी पर गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने दावा किया कि ‘हमारे रहबर ने ही हमारी राहजनी की’ और केस-मुकदमों के दबाव में समझौता किया गया। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरजेडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महागठबंधन के भीतर भरोसे को तोड़ा गया है और कांग्रेस के साथ विश्वासघात हुआ है।
साहित्यिक अंदाज में प्रहार
असित नाथ तिवारी ने आरजेडी पर साहित्यिक अंदाज में नाम लिए बगैर ही प्रहार किया, लेकिन इशारा साफ आरजेडी की ओर था। असित नाथ तिवारी ने आगे कहा कि ये सच्चाई है। पता नहीं किसके दबाव में हैं। किसके डर में हैं। केस मुकदमों का इतना डर हो गया है। कोई और डील कर ली है, ये हम नहीं जानते। लेकिन ये सच्चाई है कि बिहार विधानसभा चुनाव में हमारे ही रहबर ने हमारे साथ रहजनी की। झारखंड के राज्यसभा चुनाव में भी हमारे रहबर ने ही हमारे साथ रहजनी की है।
भितरघात और गठबंधन धर्म को कलंकित करने का आरोप
असित नाथ तिवारी ने साफ कहा कि यह दगाबाजी केवल हालिया राज्यसभा चुनाव तक सीमित नहीं है। यह एक कड़वा सच है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी राष्ट्रीय जनता दल ने सोची-समझी रणनीति के तहत कांग्रेस की मजबूत सीटों पर भितरघात किया और गठबंधन धर्म को कलंकित करते हुए दगा दिया।

