नीट रीएग्जाम आज, 22 लाख उम्मीदवार होंगे शामिल, पेपर लीक रोकने के लिए 7 लेयर की सुरक्षा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम आज है। परीक्षा दोपहर की शिफ्ट में दो बजे शुरू होगी।  यह परीक्षा देशभर के 551 शहरों में स्थित 5440 एग्जाम सेंटरों और विदेश के 14 एग्जाम सेंटरों पर होगी। पुनर्परीक्षा को सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा कराने वाली राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिल्ली स्थित कार्यालय में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पिछली परीक्षा के करीब सात हफ्ते बाद हो रही इस पुनर्परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं।

क्या है रिपोर्टिंग टाइम ?

नीट यूजी परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। नीट यूजी एडमिट कार्ड पर दिए गए अलॉटेड रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार ही सेंटर पहुंचना होगा। सुबह 11:30 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी। दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा। नियमों के मुताबिक, इसके बाद किसी भी कीमत पर, चाहे कोई भी इमरजेंसी क्यों न हो, किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं दी जाएगी।

ओरिजिनल आईडी प्रूफ ले जाना न भूलें

सिक्योरिटी चेकिंग के समय सरकारी और वैध ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ दिखाना होगा। इसके लिए अपना आधार कार्ड (E-Aadhar भी मान्य), पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट ले जा सकते हैं। ध्यान रहे कि आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी या मोबाइल में दिखाई गई सॉफ्ट कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी। आईडी कार्ड पर आपका नाम और जन्मतिथि एडमिट कार्ड से मैच होनी चाहिए।

5,440 केंद्रों पर एनटीए का सख्त पहरा

एनटीए ने नीट यूजी 2026 के लिए देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता के बेहतरीन इंतजाम किए हैं। अंग्रेजी और 12 भारतीय भाषाओं में 22 लाख से अधिक उम्मीदवार नीट परीक्षा देंगे। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए 95,000 से अधिक कमरों में 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

एआई बेस्ड एनालिसिस के जरिए निगरानी

नेशनल, स्टेट और मिनिस्ट्री लेवल पर लाइव और एआई (AI) बेस्ड एनालिसिस के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही केंद्रों पर 51,311 जैमर्स, हर कमरे में 2 इनविजिलेटर, 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ, फेस ऑथेंटिकेशन से लैस 48,448 बायोमेट्रिक स्टाफ, करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स और पुलिस और अर्धसैनिक बलों सहित औसतन 40-50 सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे।

NTA की अपील

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों और उनके पेरेंट्स से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और ‘पेपर लीक’ के फर्जी संदेशों पर ध्यान न दें- वे झूठे हैं और उनका मकसद गुमराह करना और तनाव पैदा करना है। एनटीए कहा कि परीक्षा देने वाले 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों- हमारे देश के भविष्य के डॉक्टर्स को हम शांत रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हैं। हम तैयार हैं। शुभकामनाएं!

Share This Article