पटना में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां गंगा नदी में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों बच्चे गंगा नदी में नहाने पहुंचे थे। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके के हेतनपुर घाट की है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे बच्चे
बताया जा रहा है कि गांव के कई बच्चे गंगा स्नान करने के लिए हेतनपुर घाट गए थे, सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों के डूबते ही उनके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद ग्रामीण और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को गंगा से बाहर निकाला।
डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों बच्चों की जांच की। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया।
मृतक बच्चों की उम्र 7 से 11 साल के बीच
थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान पीयूष कुमार, तेज कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। सभी हेतनपुर गांव के रहने वाले थे और सभी की उम्र 7 से 11 साल के बीच थी। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के रोने से माहौल गमगीन हो गया।

