पटना में 8वीं तक के स्कूल 27 जून तक बंद, पारा पहुंचा 40 के पार, मानसून की सुस्त रफ्तार से तड़पा रही गर्मी

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में मानसून की देरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग भीषण गर्मी से बेहाल है। पटना में तेज गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। पटना के डीएम कुंदन कुमार ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

पटना में भीषण गर्मी के कारण सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल अभी बंद रहेंगे। 27 जून तक 8वीं क्लास तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का आदेश है।

बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सतर्क

पटना के डीएम कुंदन कुमार की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया, जिले में पड़ रही भीषण गर्मी, विशेष रूप से दोपहर में अधिक तापमान की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। अत: मैं कुंदन कुमार, जिला दण्डाधिकारी, पटना जिले के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में 8वीं तक के क्लास की शैक्षणिक गतिविधियों पर 27 जून 2026 तक पूरी तरह से प्रतिबंध लगाता हूं।

विद्यालय प्रबंधन को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि प्रभावित शैक्षणिक गतिविधियों को आदेश के अनुरूप की संचालित करें। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने पैरेंट्स से भी बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाने के अपील करते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्मी से बचाव के लिए बताई जा रही सावधानियों पर अमल करने को कहा है।

पटना समेत कई जिलों में भीषण गर्मी

बता दें कि बिहार की राजधानी पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप जारी है। लू और भीषण गर्मी से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इधर, पटना मौसम विभाग के अनुसार, पटना का रविवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। राज्य के कैमूर में तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, गया में पारा 40.2 डिग्री रहा। वहीं बक्सर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में मानसून की सुस्त रफ्तार

बिहार में मानसून की सुस्त रफ्तार ने प्रदेश के एक बड़े हिस्से को भीषण गर्मी की चपेट में ला दिया है। सूबे के 16 जिलों में मानसून के प्रसार का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मुजफ्फरपुर में आकर मानसून पिछले दस दिनों से ठिठका हुआ है, जिससे पटना, गयाजी और छपरा समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार में इसके पहुंचने में करीब एक हफ्ते की देरी हो चुकी है। सीमांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य जगहों पर बारिश न होने और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण लोग उमस और तपिश से पूरी तरह बेहाल हैं। 

Share This Article