ऑपरेशन NARCOS के तहत RPF और CIB की संयुक्त कार्रवाई, 9.14 लाख रुपये का गांजा जब्त
धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद ने ऑपरेशन NARCOS के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन पिट्ठू बैग में रखा 18.280 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 14 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 21 जून को गाड़ी संख्या 13151 सियालदह-जम्मूतवी एक्सप्रेस के मार्गरक्षण दल में तैनात आरक्षी राकेश कुमार मौर्या ने पीछे के जनरल कोच में एक युवक को तीन पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में चढ़ते देखा। शक होने पर उसे रोका गया और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई।
प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर उतारकर की गई जांच
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें RPF पोस्ट धनबाद और CIB धनबाद के अधिकारी व जवान शामिल थे, ने युवक को धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के हावड़ा छोर पर उतारकर बैगों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान तीनों बैगों से कुल 18 पैकेट गांजा बरामद हुआ। गांजे का कुल वजन 18.280 किलोग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। वह मधुरी गौरीपुर, थाना पुरषोत्तमपुर, जिला पश्चिमी चंपारण (बेतिया) का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके साथ दो अन्य युवक लाल कुमार (34 वर्ष) और रोहित कुमार (19 वर्ष) भी थे। दोनों ने धनबाद स्टेशन पर अपने बैग उसे पकड़ाकर ट्रेन में चढ़ाने के लिए कहा था और खुद मौके से फरार हो गए।
आरोपी के मुताबिक, गांजे की खेप को फतेहपुर ले जाया जाना था, जहां कोई अन्य व्यक्ति इसे प्राप्त करने वाला था। इस काम के बदले तीनों को 1500 रुपये, खाने-पीने और ट्रेन किराए का खर्च दिया गया था।
मोबाइल फोन भी जब्त
RPF ने आरोपी के पास से एक रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया है। बरामद गांजा और अन्य सामान को सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में जब्त किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में उप निरीक्षक पालिक मिंज की लिखित शिकायत के आधार पर राजकीय रेल थाना धनबाद में कांड संख्या 132/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक सिद्धेश्वर बरुली को सौंपी गई है। वहीं फरार आरोपियों लाल कुमार और रोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

