बिहार के गोपालगंज में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर हमले की खबर है। बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। हमले में बिजेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना AIIMS रेफर कर दिया है।
घटना के पीछे की वजह पुरानी रंजिश
हमले की घटना गोपालगंज के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। घटना के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पूर्व से चले आ रहे विवाद के कारण पड़ोस के कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर बिजेंद्र नाथ तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
नाजुक हालत में पटना रेफर
हमले के तुरंत बाद परिजनों ने घायल बिजेंद्र नाथ को मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनकी हालत को अत्यंत नाजुक बताया। शरीर पर गहरे जख्मों और गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल पटना के लिए रेफर कर दिया, जहां फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

