जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसके सौंदर्यीकरण व बेहतर रखरखाव को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सर्किट हाउस के कमरों, लॉबी और वीआईपी सुइट्स का अवलोकन किया। उन्होंने भवन की साफ-सफाई, रखरखाव और सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिसर को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए बगीचों के विकास, नए पौधे लगाने तथा हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा किचन और डाइनिंग एरिया सहित पूरे परिसर में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस जिले की पहचान और छवि से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है, जहां समय-समय पर विभिन्न महत्वपूर्ण अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी ठहरते हैं। ऐसे में इसके सौंदर्यीकरण और रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, जिला नाजिर आनंद कुमार सहित भवन प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे।

