डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी और बेहद खुशखबरी वाली खबर है। कंपनी में लंबे समय से इंतजार किया जा रहा वेज रिवीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। मंगलवार को करीब 10 घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद इस ऐतिहासिक समझौते के ड्राफ्ट पर मुहर लग गई है। इस नए समझौते के लागू होने से कर्मचारियों की सैलरी में 18,000 रुपये से लेकर 22,000 रुपये तक का बंपर इजाफा होने जा रहा है। टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेंद्रन और चीफ पीपल ऑफिसर अतरई सान्याल की मौजूदगी में हुई इस वार्ता में कर्मचारियों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। यह नया वेतन समझौता 7 सालों के लिए मान्य होगा।
भत्तों और एरियर में भी हुई पैसों की बारिश
भत्तों में जबरदस्त उछाल: बढ़ती महंगाई को देखते हुए कुल भत्तों में 5,000 से 6,000 रुपये तक की मासिक वृद्धि की जाएगी।
फिक्स डीए में बढ़ोतरी: फिक्स डीए में करीब 250 की न्यूनतम बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, एनएस ग्रेड के डीए प्रति पॉइंट में कोई बदलाव नहीं होगा।
सालाना इंक्रीमेंट: एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का न्यूनतम सालाना इंक्रीमेंट अब 165 रुपये तय किया जा रहा है, जिसमें 30 रुपये की बढ़ोतरी शामिल है।
भारी-भरकम एरियर: यह समझौता 1 जनवरी 2025 से लंबित है, जिसके कारण करीब 10,500 कर्मचारियों को 18 महीने का एरियर (बकाया राशि) भी एकमुश्त मिलेगा।
यूनियन की बड़ी जीत: इन कड़े प्रस्तावों को करवाया खारिज
वार्ता के दौरान मैनेजमेंट की तरफ से कुछ ऐसे प्रस्ताव भी आए थे, जिससे कर्मचारियों को नुकसान हो सकता था, लेकिन यूनियन ने कड़ा रुख अपनाकर इन्हें रुकवा दिया।
परफॉर्मेंस पेमैनेजमेंट सिस्टम (PMS) रिजेक्ट: टाटा स्टील के कई प्लांटों की तरह यहां भी परफॉर्मेंस के आधार पर वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव था, जिसे यूनियन ने कर्मचारियों के हित में नहीं मानते हुए लागू होने से रोक दिया।
फिक्स सीलिंग का प्रस्ताव खारिज: ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी के बाद लागू होने वाली सीलिंग (फिक्स सीलिंग) को रोकने में भी यूनियन को कामयाबी मिली है।
युवाओं के लिए खुलेगा नई बहाली का रास्ता
इस समझौते के बाद न सिर्फ पुराने कर्मचारियों की जेब भरेगी, बल्कि कंपनी में नई बहाली का रास्ता भी साफ हो गया है। इसके अलावा एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 4 साल बाद एक ‘एक्स्ट्रा बेनिफिट’ देने की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि एक ही जगह रुके रहने वाले कर्मियों को करियर में फायदा मिल सकेगा। आज होने वाली अंतिम दौर की बैठक के बाद इस समझौते पर आधिकारिक रूप से फाइनल हस्ताक्षर हो जाएं।

