NEET के बाद महाराष्ट्र TET पेपर लीक का बिहार कनेक्शन, 3 गिरफ्तार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर लीक मामले में बिहार कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया है। बिजेंद्र गुप्ता को महाराष्ट्र टीईटी-2026 प्रश्नपत्र लीककांड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है, जो समस्तीपुर के शेरपुर गांव का रहने वाला है।

बिहार के दो और हरियाणा का एक शातिर गिरफ्तार

प्रश्नपत्र लीक होने के बाद महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 स्थगित कर दी गई। इससे पहले ठाणे जिले के भिवंडी में हुई छापेमारी में कुछ लोगों के पास इस परीक्षा के चार प्रश्नपत्र बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने बिहार के दो और हरियाणा के एक शातिर को गिरफ्तार किया।

डेढ़ करोड़ में प्रश्नपत्र बेचने की थी तैयारी

महाराष्ट्र पुलिस ने बिजेंद्र के तीन साथियों बिहार के राजीव शॉ, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को गिरफ्तार किया है। तीनों दिल्ली से टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र लेकर महाराष्ट्र के भिवंडी पहुंचे थे। वे इसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे। शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस उपायुक्त पवन बनसोड के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

कई राज्यों की पुलिस फाइलों में दर्ज है नाम

परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा और पुराना है। उसके खिलाफ पहले भी देश के अलग-अलग राज्यों (जैसे ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार) में पेपर लीक, धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। वह हर बार कानून की आंखों में धूल झोंककर या तो बच निकलता था या जेल से बाहर आते ही दोबारा अपना धंधा शुरू कर देता था।

दिल्ली में इस सिंडिकेट का बड़ा हब

पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ के दौरान कबूल किया है कि वे टीईटी-2026 परीक्षा के लीक प्रश्नपत्र को देश की राजधानी दिल्ली के एक सीक्रेट ठिकाने से लेकर महाराष्ट्र पहुंचे थे। दिल्ली में इस सिंडिकेट का बड़ा हब काम कर रहा है, जहां देशभर की परीक्षाओं के पेपर को लीक करके अलग-अलग राज्यों में भेजने के लिए सप्लायर्स को सौंप दिया जाता है।

Share This Article