रामगढ़- देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित करने के उद्देश्य से रविवार को रामगढ़ जिले में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (NID) के तहत पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर अस्पताल, रामगढ़ में आयोजित इस विशेष उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रामगढ़ ममता देवी उपस्थित हुईं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपायुक्त ऋतुराज एवं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार मौजूद रहे।
अभियान का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने अपने पुत्र एवं पुत्री को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रह जाए।
1 लाख 71 हजार 477 बच्चों को खुराक देने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान रामगढ़ जिले के 1,71,477 बच्चों (0 से 5 वर्ष तक) को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पूरे जिले के सुदूरवर्ती गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
अतिथियों ने बच्चों को पिलाई दवा
उद्घाटन के बाद विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज एवं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से उपस्थित बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई तथा सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
भारत को पोलियो मुक्त रखने का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए विधायिका ममता देवी ने कहा, “भारत ने पोलियो पर विजय प्राप्त कर ली है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले का एक भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से छूटना नहीं चाहिए।” उपायुक्त ऋतुराज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि 1,71,477 बच्चों के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुदूरवर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने आम जनता से अपने बच्चों को निकटतम बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
घर-घर जाएगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार एवं जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में जुटीं एएनएम एवं सहिया बहनों के योगदान की सराहना की।
समारोह में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला आरसीएच पदाधिकारी (DRCHO) डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ पदाधिकारी (DLO) डॉ. तुलिका रानी, जिला टीबी पदाधिकारी (DTO) डॉ. स्वराज तथा सदर अस्पताल के उपाधीक्षक (DS) डॉ. हरेन चंद्र महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

