धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और CIB की संयुक्त टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹40 हजार बताई गई है।
RPF के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर RPF पोस्ट धनबाद और CIB धनबाद की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लगे CCTV कैमरों (तीसरी आंख) की मदद से एक संदिग्ध युवक पर नजर पड़ी। जांच करने पर उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तड़के करीब 3 से 4 बजे धनबाद स्टेशन के नॉर्थ साइड मेन गेट के अंदर एक लापरवाह रेल यात्री का POCO कंपनी का मोबाइल चोरी कर चुका था। इसके बाद वह और मोबाइल चोरी करने की फिराक में स्टेशन के बाहर बैठा था, तभी RPF की टीम ने उसे दबोच लिया। बरामद VIVO कंपनी के मोबाइल के बारे में उसने स्वीकार किया कि वह पहले चोरी कर चुका था और उसमें सिम डालकर खुद इस्तेमाल कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेहान शेख, निवासी बेलवारीह, थाना पलासी, जिला अररिया (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी और बरामद मोबाइल को राजकीय रेल थाना धनबाद के हवाले कर दिया गया। इस मामले में कांड संख्या 140/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
RPF के अनुसार, ICGS जांच में आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।

