रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने विशेष पहल ‘प्रहरी’ अभियान के तहत रजरप्पा थाना क्षेत्र में पैदल गश्ती की। यह गश्ती चट्टी बाजार से रजरप्पा मोड़ तक की गई।
पैदल गश्ती के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी पर रोक, छेड़खानी की घटनाओं की रोकथाम, सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का जायजा लिया। साथ ही थाना क्षेत्र में पुलिस की दृश्यता (Visibility) बढ़ाने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
गौरतलब है कि रामगढ़ पुलिस ने 14 मई 2026 से ‘प्रहरी’ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत जिले में कुल 259 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें 76 स्थान पैदल गश्ती, 114 स्थान अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान तथा 69 स्थान एंटी क्राइम चेकिंग के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पिछले करीब दो महीनों से रामगढ़ पुलिस इन चिन्हित स्थलों पर प्रतिदिन समय और स्थान बदल-बदल कर प्रभावी ढंग से पैदल गश्ती, अड्डेबाजी विरोधी अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग चला रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को नए संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए हैं।
रामगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पैदल गश्ती, अड्डेबाजी विरोधी अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग से जुड़े सुझाव जिला पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर साझा किए जा सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि ‘प्रहरी’ अभियान का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को बढ़ाना है।

