धनबाद रेल मंडल का मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 796 यात्री पकड़े गए; ₹7.50 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला

KK Sagar
2 Min Read

बिना टिकट, गलत श्रेणी और बिना बुक सामान के साथ यात्रा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई

धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में शनिवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन और रात तक चले इस विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 796 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 7,50,810 रुपये की वसूली की। कार्रवाई के साथ सभी यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर और नियमों का पालन करते हुए यात्रा करने की सख्त हिदायत भी दी गई।

टिकट जांच टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।

धनबाद रेल मंडल ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन में प्रवेश से पहले वैध टिकट अवश्य लें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....