चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह का होगा खुलासा
पलामू: पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित भौंराहा पहाड़ के जंगल से शनिवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पिपरा आहर के समीप की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के श्रीनगर गांव निवासी 23 वर्षीय ओम प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। वह 1 जून से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद कांडी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
शनिवार को जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने नीम के पेड़ से शव लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मोहम्मदगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया है। चूंकि युवक के लापता होने का मामला पहले से कांडी थाना में दर्ज है, इसलिए आगे की जांच कांडी थाना की पुलिस करेगी। हालांकि, घटनास्थल मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मिलकर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

