बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो परिवारों की खुशियां छीन गई। बोचहां थाना क्षेत्र के आदिगोपालपुर के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो युवतियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवतियों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जिस तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी में टक्कर मारी है वो बीजेपी नेता के नाम पर रजिस्टर्ड है।
दोनों सहेलियां निजी फाइनेंस कंपनी में थी कार्यरत
परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी और निशु कुमारी आपस में सहेलियां थीं और एक निजी फाइनेंस कंपनी के महिला समूह में फाइनेंस कर्मी के रूप में कार्यरत थीं। शनिवार सुबह दोनों अपनी स्कूटी से शर्फुद्दीनपुर से मुजफ्फरपुर शहर ड्यूटी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर पूर्णिया की ओर से मुजफ्फरपुर जा रही थी। उसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद खुद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद फॉर्च्यूनर में सवार दो घायल लोग मौके से फरार हो गए।
बीजेपी नेता नूतन गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड है फॉर्च्यूनर
दुर्घटनाग्रस्त ब्लैक फॉर्च्यूनर BR-11BB-0001 पूर्णिया जिले के बीजेपी की चर्चित महिला नेत्री नूतन गुप्ता की बताई जा रही है। घटना के दौरान फॉर्च्यूनर में कौन-कौन सवार था इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है। दरअसल, एक्सीडेंट के बाद फॉर्च्यूनर में सवार लोग मौके से फरार हो गए थे।
कौन हैं नूतन गुप्ता?
नूतन गुप्ता पूर्णिया के नर्सिंग कॉलेज काझा कोठी के डायरेक्टर और बीजेपी नेता पंकज कुमार निराला की पत्नी हैं। जानकारी मिल रही है कि 5 जुलाई को इनके एक और मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन कार्यक्रम भी होना था, लेकिन उससे पहले ही बड़ी घटना हो गई है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि घटना के दौरान गाड़ी में कौन-कौन था और उनकी स्थिति क्या है।

