बिहार के भोजपुर में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी समेत तीन की मौत, मनाली से लौटते वक्त हादसा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमराई नवादा के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। जो नोएडा से झारखंड के देवघर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग मनाली घूमकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान बिहिया के पास तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। मृतकों में 32 वर्षीय प्रकाश सिंह, 27 वर्षीय पत्नी पल्लवी सिंह और देवर शामिल हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों का ननिहाल बिहार के सोनपुर में बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।

एक घायल का इलाज जारी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को पहले बिहिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की।

Share This Article