बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने भी ताल ठोक दिया है। आरजेडी ने बांकीपुर से उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रेखा गुप्ता को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की गई।
रेखा होंगी महागठबंधन की उम्मीदवार-मंगनी लाल
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि हम लोग महागठबंधन में हैं और रेखा कुमारी महागठबंधन की उम्मीदवार हैं। हम लोग एक हैं और आगे भी एक रहेंगे। सभी गठबंधन का यह फैसला है। चुनाव प्रचार में महागठबंधन में शामिल सभी पार्टी के नेता मौजूद रहेंगे।
बांकीपुर का चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प
रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा के साथ ही बांकीपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आरजेडी ने रेखा गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारते हुए इस सीट पर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। रेखा गुप्ता का जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर और बीजेपी प्रत्याशी से मुकाबला होना है।
जनसुराज से प्रशांत किशोर लड़ेंगे चुनाव
बता दें कि जनसुराज ने पहले ही पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इसका ऐलान रविवार को जन सुराज के अध्यक्ष मनोज भारती ने पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर किया था। वहीं प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, पिछले 4 सालों से जन सुराज ही उनकी जिंदगी है। पार्टी ने जो उन्हें जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। अगर बांकीपुर सीट से उनकी पार्टी जीतती है तो पार्टी का मनोबल बढ़ेगा।
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव को लेकर आज से नॉमिनेशन की प्रक्रिया अधिसूचना जारी होते ही शुरू हो गई। नामांकन का पर्चा 13 जुलाई तक भरा जा सकेगा। 30 जुलाई को इस सीट के लिए वोटिंग होगी। जबकि 3 अगस्त को रिजल्ट जारी किया जाएगा।

