रेल कर्मचारी की मौत पर ECRKU का बड़ा सवाल, उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग

KK Sagar
3 Min Read

पीड़ित परिवार के साथ खड़ी यूनियन, कर्मचारियों के लिए तनावमुक्त और भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की उठाई मांग

धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने धनबाद के स्वर्गीय बी. चंपैया (CLI) के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए रेल प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। यूनियन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की है।

पत्नी के आरोपों को बताया गंभीर, निष्पक्ष जांच की मांग

ECRKU के अपर महामंत्री एवं ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) की वर्किंग कमेटी के सदस्य मोहम्मद ज़्याउद्दीन ने कहा कि दिवंगत कर्मचारी की पत्नी द्वारा रेल प्रशासन पर लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ECRKU के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव को उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद महामंत्री ने रेल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि सत्य तथ्यों के आधार पर न्याय सुनिश्चित हो सके।

कर्मचारियों के लिए तनावमुक्त कार्य वातावरण की भी उठी मांग

यूनियन ने बताया कि AIRF के महामंत्री कामरेड शिवगोपाल मिश्रा को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। ECRKU के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने रेल प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कर्मचारियों को तनावमुक्त और भयमुक्त माहौल में कार्य करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

ECRKU परिवार ने कहा कि वह इस दुखद घटना से अत्यंत मर्माहत है और शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ा है। यूनियन ने आश्वासन दिया कि परिवार को जिस भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, ECRKU हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

इस अवसर पर ECRKU के वरिष्ठ नेता ओ.पी. शर्मा, नेताजी सुभाष, नीलकमल खवास, बी.बी. सिंह, जे.के. साव, आर.के. सिंह, पी.के. सिंह, रूपेश कुमार सहित यूनियन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....