डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आगामी 19 जुलाई को आयोजित होने वाली वर्ग ‘ख’ और वर्ग ‘ग’ के अराजपत्रित पदों की परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार आयोग परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए बेहद सख्त रुख अपना रहा है। अकेले पूर्वी सिंहभूम जिले में 93 परीक्षा केंद्रों पर 40,277 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं को रोकने के लिए आयोग ने एक नई एसओपी जारी की है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया गया है जिसे भेदना नामुमकिन होगा।
हाईटेक सुरक्षा: जैमर, बायोमेट्रिक और डिजिटल बारकोड से होगी निगरानी
आयोग के उप सचिव-सह-परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार लाल ने बताया कि परीक्षा के सुरक्षित संचालन के लिए कई कड़े निर्देश दिए गए हैं।
त्रिस्तरीय सुरक्षा और जैमर: सभी परीक्षा केंद्रों पर थ्री-लेयर सिक्योरिटी रहेगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के दुरुपयोग और इंटरनेट नेटवर्क को ब्लॉक करने के लिए पर्याप्त क्षमता वाले जैमर लगाए जाएंगे।
CCTV और बायोमेट्रिक: परीक्षा केंद्रों के कॉरिडोर, नियंत्रण कक्ष, मुख्य द्वार और परीक्षा हॉल में लाइव सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिसका सीधा लिंक जिला मुख्यालय और आयोग मुख्यालय से होगा। इसके अलावा उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य होगी।
यूनिक डिजिटल बारकोड: पेपर लीक रोकने के लिए इस बार हर प्रश्न पत्र पर एक डिजिटल यूनिक बारकोड अंकित होगा। अगर कोई प्रश्न पत्र का स्क्रीनशॉट या फोटो लेता है, तो उसे तुरंत ट्रैक कर लिया जाएगा। इसके साथ ही प्रश्न पत्रों को थ्री-स्तरीय सीलिंग व्यवस्था के तहत लॉक किया जाएगा।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण गाइडलाइंस
अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो इन नियमों को ध्यान से पढ़ लें ताकि परीक्षा केंद्र पर कोई परेशानी न हो।
एडमिट कार्ड डाउनलोड: प्रवेश पत्र डाक, मास मेल या आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा से 7 दिन पहले तक एडमिट कार्ड न मिलने पर रांची कार्यालय से डुप्लीकेट एडमिट कार्ड लिया जा सकता है।
पेन का नियम: ओएमआर शीट भरने के लिए अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन का ही इस्तेमाल करना होगा।
समय का रखें ध्यान: सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले अपनी सीट ग्रहण कर लेनी होगी। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले छात्रों के सामने ही प्रश्न पत्र का मुख्य सील खोला जाएगा।
आंसर-की : परीक्षा समाप्त होने के तीन दिनों के भीतर ऑनलाइन आंसर-की जारी कर दी जाएगी। आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को 5 दिनों का समय मिलेगा।

