​सावधान जमशेदपुर! 24 घंटे में मिले 112 मलेरिया मरीज, अस्पतालों के बेड भरने लगे

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप तेजी से पैर पसार रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले में चलाए गए एक बड़े जांच अभियान के तहत 10,202 लोगों के ब्लड सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 112 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। इस आंकड़े के सामने आने के बाद विभाग ने प्रभावित इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है।

पोटका प्रखंड बना सबसे बड़ा हॉटस्पॉट, इन इलाकों में भी मिले मरीज
​विभाग द्वारा जारी प्रखंडवार आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण के मामले में पोटका प्रखंड सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है। अकेले पोटका में 2,783 लोगों की जांच की गई, जिसमें सबसे अधिक 56 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा अन्य प्रखंडों की स्थिति भी चिंताजनक है।

मुसाबनी: यहां 2,028 लोगों की जांच में 17 मरीज पॉजिटिव पाए गए।
डुमरिया: इस प्रखंड में 1,810 लोगों की जांच की गई, जहां 17 नए मामले सामने आए।
घाटशिला: यहां 2,028 लोगों की जांच रिपोर्ट में 12 लोग संक्रमित मिले।

अस्पतालों में बढ़ने लगी मरीजों की भीड़, सिविल सर्जन ने संभाली कमान
​मलेरिया के बढ़ते मरीजों के कारण शहर के प्रमुख अस्पतालों में बेड भरने लगे हैं।
सदर अस्पताल: मंगलवार को दो और नए मरीजों को भर्ती कराया गया, जिसके बाद यहां कुल भर्ती मलेरिया मरीजों की संख्या 35 हो गई है।
एमजीएम अस्पताल: यहां भी स्थिति गंभीर है, जहां वर्तमान में 10 मरीजों का इलाज चल रहा है।
​सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि जिले में बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी प्रखंडों और शहरी इलाकों में सर्विलांस बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि
​स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में जांच और इलाज के साथ-साथ फॉगिंग और जनता के बीच जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके।

Share This Article