धनबाद स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर गूंजी नवजात की किलकारी, RPF की महिला आरक्षी ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर मानवता की मिसाल पेश करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक महिला की समय रहते मदद कर सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत 8 जुलाई 2026 को RPF धनबाद के प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 और 8 के बीच एक महिला प्रसव पीड़ा से परेशान है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कमलेश्वर कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, महिला आरक्षी प्रियम कुमारी तथा अन्य RPF जवान मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि महिला की पहचान फूलसुन्दरी (35 वर्ष), निवासी जिला अंगुल, ओडिशा के रूप में हुई। उसके साथ उसकी बहन भी मौजूद थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए RPF टीम ने तत्काल सफेद बेडशीट से चारों ओर घेरा बनाकर महिला की गोपनीयता सुनिश्चित की। इसके बाद महिला आरक्षी प्रियम कुमारी ने प्रसव के दौरान आवश्यक सहायता प्रदान की, जिससे महिला ने सुरक्षित रूप से एक पुत्र को जन्म दिया।

घटना की सूचना तत्काल स्टेशन के पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से रेलवे अस्पताल को दी गई। कुछ ही देर में मंडल रेलवे अस्पताल की डॉ. स्वाति गौतम अपनी चिकित्सीय टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। डॉक्टरों ने मां और नवजात का प्राथमिक उपचार किया और एंबुलेंस से दोनों को महिला आरक्षी के साथ सदर अस्पताल, धनबाद भेजा गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। RPF की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....