बिहार के हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर पक्ष और विपक्ष दोनों की ओर से प्रत्याशी की घोषणा कर दी गई है। बीजेपी ने यहां से अभिषेक कुमार सिन्हा को टिकट दिया है। वहीं, आरजेडी से रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों के अलावा प्रशांत किशोर भी इस सीट से जन सुराज के प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमा रहे हैं। इसके साथ ही इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणिय हो गया है।
विपक्षी दलों से साझा उम्मीदवार उतारने की अपील
बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की। भाई वीरेंद्र ने कहा कि यदि सभी विपक्षी दल मिलकर एक साझा उम्मीदवार उतारते हैं तो भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को कड़ी चुनौती दी जा सकती है।
बीजेपी को पटकनी देने के लिए विपक्षी दलों से खास अपील
भाई वीरेंद्र ने कहा, मैं पहले भी सभी विपक्षी दलों से आग्रह कर चुका हूं कि बैठकर एक उम्मीदवार तय करें, ताकि भाजपा को पटकनी दी जा सके। लेकिन फिलहाल सभी दल अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं। मैं एक बार फिर सभी विपक्षी दलों के बड़े नेताओं से अपील करता हूं कि वे मिलकर एक संयुक्त उम्मीदवार मैदान में उतारें। ताकि बीजेपी को पटकनी दी जा सके।
प्रशांत किशोर के बारे में क्या बोले भाई वीरेंद्र
बांकीपुर से प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा, देखिए मैं किसी के बारे में नहीं बोल सकता, हर आदमी को लड़ने का अधिकार है। मैंने विपक्ष के बारे में कहा कि विपक्ष को एक उम्मीदवार खड़ा करना चाहिए तब लड़ाई जमेगी और हम पूरे देश में अच्छा संदेश देंगे कि हम एक हैं।
30 जुलाई को होना है मतदान
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। इस सीट पर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राजद ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव लड़ रहे हैं। तेज प्रताप यादव की पार्टी ने भी वीना मानवी को प्रत्याशी घोषित किया है। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

