बिहार के 97.84 लाख लोगों के खाते में पहुंची सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि, सम्राट सरकार ने भेजे 1100-1100 रुपये

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज, शुक्रवार को 97 लाख 84 हजार लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भेजी। सरकार ने लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए 1,100 रुपये की पेंशन राशि भेजी। इसके लिए सरकार ने 1,423.94 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की। पटना स्थित लोक सेवक आवास के संकल्प हॉल में आयोजित किया के दौरान पैसे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।

सीएम सम्राट ने ट्रांसफर किए पैसे

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट का बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का पैसा ट्रांसफर किया। सीएम सम्राट चौधरी ने पेंशनधारकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पहले बुजुर्ग, विधवा महिलाएं और दिव्यांगजनों को पहले 400 रुपये की राशि मिलती थी। अब यह पैसा बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है।

हर महीने की 10 तारीख आएगी पेंशन की राशि

सरकार ने बताया कि अब वृद्धजन, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को हर महीने की 10 तारीख को सीधे उनके बैंक खाते में पेंशन की राशि भेजी जाएगी। इसके लिए उन्हें किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में हर साल 10 जुलाई को पेंशन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार का लक्ष्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर आर्थिक मदद पहुंचाना है।

कुल 6 पेंशन योजना के तहत दी जाती है आर्थिक सहायता

राज्य में चल रही विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हर महीने 1100 रुपये की पेंशन दी जाती है। पेंशन पाने वालों में बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग शामिल हैं। बिहार में कुल 6 पेंशन योजनाएं लागू हैं, जिनके तहत सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है।

इन पेंशन योजनाओं के तहत मिला लाभ

-इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन : 1,57,763 लाभार्थी

-इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन: 1,79,827 लाभार्थी

-इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन: 2,446 लाभार्थी

-मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना: 66,06,456 लाभार्थी

-लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन: 4,94,035 लाभार्थी

-बिहार राज्य दिव्यांग पेंशन: 4,04,949 लाभार्थी

Share This Article