देश में फिर बढ़ी कोरोना की दस्तक, तीन राज्यों में मिले 10 एक्टिव केस; जान कुमार सानू भी संक्रमित

KK Sagar
2 Min Read

देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आने लगे हैं। फिलहाल आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में कुल 10 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 8 मामले आंध्र प्रदेश में हैं, जबकि मुंबई में एक और उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक संक्रमित मरीज मिला है।

महाराष्ट्र में बॉलीवुड गायक जान कुमार सानू की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने अस्पताल से वीडियो साझा कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी है और फिलहाल उनका इलाज जारी है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती 27 वर्षीय युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मरीज को सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद जांच कराई गई थी।

सबसे अधिक चिंता आंध्र प्रदेश को लेकर है, जहां कडपा जिले में कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत हो चुकी है और वर्तमान में 8 एक्टिव मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी हैं तथा संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच और निगरानी शुरू कर दी है।

राज्य सरकार ने अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....