बाघमारा – संयुक्त छापेमारी में 2,000 बोरी कोयला जब्त : खदान के पानी में किया गया नष्ट

KK Sagar
2 Min Read

सीआईएसएफ, बीसीसीएल और बरोरा पुलिस का संयुक्त अभियान

धनबाद (बाघमारा): बरोरा क्षेत्र संख्या-1 अंतर्गत ए.एम.पी. कोलियरी के जरलाही पेच में सोमवार को सीआईएसएफ, बीसीसीएल प्रबंधन और बरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से जमा कर रखी गई करीब 2,000 बोरियां कोयला बरामद किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जिस स्थान पर कोयला रखा गया था वहां तक हाईवा या अन्य बड़े वाहन की पहुंच संभव नहीं थी। ऐसे में प्रशासन की मौजूदगी में जब्त किए गए पूरे कोयले को जरलाही पेच की खदान के पानी में डालकर नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा अवैध उपयोग नहीं हो सके।

तस्करों में मचा हड़कंप

संयुक्त अभियान के दौरान सीआईएसएफ के जवानों, बरोरा थाना पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी रही। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को जब्त किया।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन और कोयला तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कोयला चोरी और अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह के संयुक्त अभियान जारी रहेंगे तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....