नशे की लत पूरी करने के लिए चुराता था रेलवे का सामान, CST-9 प्लेट के साथ गिरफ्तार; पहले भी दर्ज हैं दो मामले
धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद ने रेलवे संपत्ति की चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद यार्ड से रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग का CST-9 प्लेट चोरी करते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रेलवे संपत्ति (गैरकानूनी कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को धनबाद पोस्ट के अधिकारी एवं जवान धनबाद यार्ड में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान किमी पोल संख्या 270/S35G के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग का एक CST-9 प्लेट लेकर जाता दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान वह बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से धनबाद यार्ड से रेलवे का लोहा, बैटरी और कॉपर केबल चोरी कर कबाड़ी को बेच देता था। इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में CST-9 प्लेट जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार उर्फ विजय साव (19 वर्ष), पिता हीरा साव, निवासी चाँदमारी श्रीरामनगर, जोड़ाफाटक, थाना धनसार, जिला धनबाद के रूप में हुई है। बरामद रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत 1,280 रुपये बताई गई है।
इस मामले में उप निरीक्षक मनीषा कुमारी की लिखित शिकायत पर कांड संख्या 21/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक प्रवीण कुमार को सौंपी गई है। आरोपी को रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ इससे पहले 04 जनवरी 2025 और 03 जुलाई 2026 को भी रेलवे संपत्ति चोरी के मामलों में RP(UP) Act के तहत केस दर्ज हो चुके हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

