मेट्रो स्टेशन बंद होने पर सीजेआई ने जताई आपत्ति, बोले-दोपहर तक नहीं खुला तो दखल देंगे

Neelam
By Neelam
3 Min Read

जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के चलते सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो ने राजीव चौक, मंडी हाउस, पटेल चौक और जनपथ समेत 16 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं, इसमें सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के बंद होने से भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत काफी नाराज हैं। सीजेआई सूर्यकांत ने गुरुवार सुबह कहा कि अगर दोपहर तक सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन नहीं खोला गया, तो सुप्रीम कोर्ट दखल देगा।

वकीलों और सुप्रीम कोर्ट के कर्मचारियों को हो रही परेशानी

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन बंद होने के मुद्दे पर अदालत का ध्यान दिलाया। विकास सिंह ने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों और सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के कर्मचारियों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि सुरक्षा जांच मेट्रो स्टेशन पर ही की जा सकती है, जिससे स्टेशन को खोला जा सके।

सीजेआई ने दिया मामले पर दखल का भरोसा

इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने भरोसा दिलाया कि अगर दोपहर तक मेट्रो स्टेशन नहीं खोला गया, तो अदालत इस मामले में हस्तक्षेप करेगी। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि यदि लंच ब्रेक तक दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से स्थिति सामान्य करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता, तो सुप्रीम कोर्ट इस मामले में हस्तक्षेप करने पर विचार करेगा।

दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद होने से यात्री परेशान

बता दें कि दिल्ली के सभी 16 स्टेशन गुरुवार को सुबह 7 बजकर 30 मिनट से अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हर दिन मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। वे सरकार से जल्द से जल्द इस मामले में कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को भी यह 16 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे। बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोज जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन की वजह से ये मेट्रो स्टेशन सुरक्षा लिहाज से बंद किए गए हैं। अब सुप्रीम कोर्ट में भी इस पर चिंता जताई गई है।

Share This Article