भ्रामक जानकारी फैलाने को लेकर दिल्ली पुलिस की केजरीवाल को सलाह : झूठे दावे फैलाने से बचे

KK Sagar
3 Min Read

NEET पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों को लेकर दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी को फैलाने या साझा करने से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘दिल्ली पुलिस की आज रात चल रहे प्रदर्शन पर कोई कार्रवाई करने की योजना नहीं है, जैसा कि बताया जा रहा है। आपसे अनुरोध है कि किसी भी भ्रामक जानकारी को फैलाने या साझा करने से बचें।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन का एक पत्र साझा किया था, जिसमें कनॉट प्लेस के सभी दुकानदारों से गुरुवार शाम 6:30 बजे तक अपनी दुकानें बंद करने को कहा गया था। इस पत्र को साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, ‘कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। बड़ी संख्या में एम्बुलेंस तैनात हैं। क्या सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने ही बच्चों पर बेरहमी से हमला करने जा रही है?

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे को झूठा और भ्रामक बताया है, जिसमें कहा गया था कि जंतर-मंतर पर खाना ले जा रहे तीन युवकों को निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया। यह स्पष्टीकरण दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय की ओर से जारी किया गया। यह बयान उस समय सामने आया, जब एक्स पर एक यूजर ने दावा किया कि तीन युवा लड़कों को जंतर मंतर के लिए खाना ले जाने पर दिल्ली पुलिस ने निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में ले लिया है।

वायरल सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया था, ‘तीन युवा लड़कों को दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर के लिए खाना ले जाने पर निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया है। जी हां, आपने सही पढ़ा! कई ऐसी रिपोर्टें सामने आ रही हैं कि छोटे-छोटे बच्चों को बिना किसी वजह के हिरासत में लिया जा रहा है। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डीसीपी ने एक्स पर स्पष्ट रूप से लिखा, ‘जंतर मंतर के लिए खाना ले जा रहे लड़कों को निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिए जाने का दावा झूठा और भ्रामक है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....