आसनसोल: पश्चिम बर्दवान के आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के महिशीला स्थित खुदीराम पार्क इलाके में बिजली के तारों की लगातार हो रही चोरी से नाराज लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। तार चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिशीला के खुदीराम पार्क और शिमुलतला इलाके में पिछले काफी समय से बिजली के तार और घरों के अर्थिंग वायर लगातार चोरी हो रहे हैं। इन घटनाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन युवक इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए। लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं होने पर तार चोरी के संदेह में पकड़ लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और तीनों की पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पकड़े गए युवक किसी संगठित तार चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

