मानगो में रंगदारी मांगने वालों की खैर नहीं! 5 लाख की वसूली करने पहुंचे बदमाश को पुलिस ने सिखाया सबक

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : मानगो में रंगदारी मांगने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। ओलीडीह थाना क्षेत्र के शांतिनगर में एक निर्माणाधीन मकान का काम रोकने की धमकी देकर 5 लाख की भारी-भरकम रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे शातिर आरोपी रविन्द्र नाथ गौड़ को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस दबिश और अदालती वारंट के बाद हुई इस कार्रवाई में आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
मामला बीते 28 जून 2026 का है, जब पीड़ित लक्ष्मी महतो ने शांतिनगर (ओलीडीह) में अपने मकान का निर्माण कार्य शुरू कराया था। आरोप है कि मानगो के गौड़ बस्ती (कृष्णा नगर) निवासी रविन्द्र नाथ गौड़ वहां पहुंचा और काम जारी रखने के एवज में 5 लाख की रंगदारी मांगने लगा। मना करने पर काम बंद कराने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गई।

वारंट मिलते ही पुलिस का कड़ा एक्शन
रंगदारी और धमकी की शिकायत मिलते ही ओलीडीह ओपी पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। जांच में पीड़ित के आरोप पूरी तरह सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए अदालत से आरोपी का गिरफ्तारी वारंट हासिल किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। इस टीम में ओलीडीह थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने पूरी रणनीति के साथ दबिश देकर आरोपी रविन्द्र नाथ गौड़ को धर दबोचा।

पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रंगदारी के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पेशेवर मिजाज का है और उस पर पहले से भी मानगो थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share This Article