धनबाद: धनबाद के चिकित्सा जगत के लिए गर्व की बात है। जिम्स अस्पताल के प्रसिद्ध हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. यश सिंह का चयन अमेरिका में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 2026 Archdeacon OTA Resident Comprehensive Fracture Course के Diaphyseal Module में फैकल्टी सदस्य के रूप में किया गया है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पाठ्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. मैसेरोली और डॉ. पियरे ने डॉ. यश सिंह को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है। यह कार्यक्रम ऑर्थोपेडिक ट्रॉमा एसोसिएशन (OTA), यूएसए के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दुनिया भर के ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ और प्रशिक्षु हिस्सा लेंगे।
डॉ. यश सिंह ने बताया कि उन्हें ऑर्थोपेडिक ट्रॉमा एसोसिएशन, यूएसए की ओर से उच्च स्तरीय शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए आमंत्रण मिला है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को ओम्नी नैशविले होटल, नैशविले (टेनेसी), अमेरिका में आयोजित होगा।
डॉ. यश सिंह का फैकल्टी के रूप में चयन न केवल धनबाद बल्कि पूरे झारखंड के चिकित्सा जगत के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। इससे राज्य के चिकित्सा विशेषज्ञों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

