रामगढ़: उपायुक्त रामगढ़ एवं जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को रामगढ़ प्रखंड स्थित लक्ष्मी बीज भंडार का प्रखंड स्तरीय जांच दल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक एवं बीज के स्टॉक, लाइसेंस, अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड का गहन सत्यापन किया गया।
निरीक्षण दल में उप परियोजना निदेशक (आत्मा) संजय मंडल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मोहम्मद इकबाल तथा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक मनोज कुमार शामिल थे।
जांच के दौरान उर्वरक एवं बीज के भंडार पंजी, पीओएस (POS) मशीन में उपलब्ध ऑनलाइन स्टॉक, भौतिक स्टॉक, लाइसेंस, मूल्य सूची तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों का मिलान किया गया। साथ ही दुकान में उपलब्ध उर्वरक एवं बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के बाद दुकानदार को सभी अभिलेखों का नियमित संधारण, स्टॉक को समय-समय पर अद्यतन रखने तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं बीज समय पर उपलब्ध कराने तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
जांच दल ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं। गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

