सहरसा में धू-धू कर जली ट्रेन, यात्रियों ने कूद कर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर से सहरसा जा रही पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे सटी एक बोगी में अचानक आग लग गई। अंधेरे में ट्रेन से उठती लपटों और धुएं को देखकर स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अफरातफरी फैल गई।

आग इंजन की 3 बोगियों तक पहुंची

ये हादसे भोर के साढ़े 3 बजे हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर सहरसा से समस्तीपुर जाने वाले पैसेंजर ट्रेन लगी हुई थी। ट्रेन के बीच में लगे इंजन से पहले धुआं और फिर आग की लपटें निकलनी शुरू हुईं। इसके बाद आग फैलने लगी। धीरे-धीरे आग इंजन की 3 बोगियों तक जा पहुंची। आग देखते ही ट्रेन के अंदर बाहर पैसेंजरों में भगदड़ मच गई।

समय रहते सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतरे

आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उसे देख स्टेशन के कैम्पस में भी अफरातफरी मच गई। आग की भयावहता देखते ही ट्रेन से पैसेंजरों ने उतरना शुरू कर दिया। इसके बाद सारे यात्री प्लेटफॉर्म से बाहर की तरफ निकलने लगे। बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी, उस समय ट्रेन में काफी यात्री थे। लेकिन खुशकिस्मती से आग की भनक लगते ही सभी मुसाफिर ट्रेन से नीचे उतर गए।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सज्जन ने बताया कि घटना के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते कोसी एक्सप्रेस (सहरसा–पटना), जानकी एक्सप्रेस (मनिहारी–जयनगर), सहरसा–समस्तीपुर पैसेंजर और श्रावणी स्पेशल (सहरसा–देवघर) निर्धारित समय से देरी से चलीं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। रेलवे ने घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article