क्या नशा माफियाओं ने ली आफताब की जान? मौत की खबर आते ही बर्मामाइंस में जलाए गए टायर, भारी पुलिस बल तैनात

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड में हुए जानलेवा हमले के शिकार आफताब आलम जिंदगी की जंग हार गए हैं। कोलकाता के एक निजी अस्पताल में मंगलवार तड़के इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। आफताब की मौत की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जोरदार हंगामा किया।

पुलिस की सुस्ती से नाराज लोगों ने घेरा थाना
आफताब की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और उनके रिश्तेदार सड़कों पर उतर आए। लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है।

आक्रोशित भीड़ ने बर्मामाइंस थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। इसके बाद उग्र प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया, जिससे यातायात काफी देर तक ठप रहा।

नशा विरोधी अभियान से जुड़े तार?
मामले में एक बड़ा पहलू यह भी सामने आ रहा है कि घटना से ठीक एक दिन पहले आफताब ने क्षेत्र में आयोजित नशा मुक्ति रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। आशंका जताई जा रही है कि नशा कारोबार से जुड़े अपराधियों ने रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर इस एंगल की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही जा रही है।

क्या थी पूरी वारदात?
गौरतलब है कि 2 अगस्त की रात आफताब आलम अपने साथियों के साथ कंटेनर यार्ड में मौजूद थे। उसी दौरान तीन बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। हमलावरों ने आफताब पर 6 गोलियां चलाई थीं, जो उनकी पीठ और पैर में लगी थीं। पहले उन्हें टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने कोलकाता रेफर कर दिया था।

11 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शाहनवाज उर्फ भोंदू समेत 11 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना परिसर में बढ़ते हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को जल्द से जल्द सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का कड़ा भरोसा दिलाकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है और तनाव नियंत्रण में है।

Share This Article