डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : भारतीय फुटबॉल गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टाटा स्टील के स्वामित्व वाले जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के प्रबंधन और संचालन की बागडोर अब गोवा के मशहूर फुटबॉल क्लब चर्चिल ब्रदर्स के हाथों में होगी। टाटा स्टील ने ‘जमशेदपुर स्पोर्टिंग एंड फुटबॉल क्लब लिमिटेड’ के शेयर महज 100 रुपये की नाममात्र राशि पर चर्चिल ब्रदर्स को ट्रांसफर करने का फैसला लिया है। 6 सितंबर से शुरू हो रही इंडियन सुपर लीग से ठीक पहले उठाए गए इस कदम का मुख्य मकसद खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के भविष्य को सुरक्षित रखना है।
खिलाड़ियों के पास रहेंगे दो विकल्प, अनुबंध का होगा पूरा सम्मान
जमशेदपुर एफसी पवेलियन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टाटा स्टील के कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर राम और JFC के सीईओ मुकुल चौधरी ने इस पूरे मामले की जानकारी साझा की। वर्तमान में क्लब के साथ 12 अनुबंधित पेशेवर खिलाड़ी और 2 कोच जुड़े हुए हैं। टाटा स्टील प्रशासन ने साफ किया है कि खिलाड़ियों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी।
पहला विकल्प: खिलाड़ी चाहें तो चर्चिल ब्रदर्स के साथ नए प्रबंधन के तहत जुड़ सकते हैं।
दूसरा विकल्प: अगर कोई खिलाड़ी नई व्यवस्था में नहीं जाना चाहता, तो टाटा स्टील के साथ उनका एक साल का मौजूदा अनुबंध पूरी तरह बरकरार रहेगा और कंपनी उसका शत-प्रतिशत सम्मान करेगी।
क्या बदल जाएगा जमशेदपुर FC का नाम?
क्या आगे भी टीम जमशेदपुर एफसी के नाम से ही मैदान पर उतरेगी? इस सवाल पर फिलहाल स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। टाटा स्टील के अनुसार, उन्होंने केवल कंपनी के शेयर ट्रांसफर किए हैं। अब टीम किस नाम से लीग में हिस्सा लेगी, इसका अंतिम फैसला चर्चिल ब्रदर्स का नया मैनेजमेंट ही करेगा। कंपनी ने इस शेयर ट्रांसफर की आधिकारिक जानकारी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भी भेज दी है।
डूरंड कप में दिखेगी टीम, शहर के मैदान सबके लिए खुले
फैसले के बाद भी शहर में फुटबॉल का क्रेज कम नहीं होगा। टाटा स्टील ने स्पष्ट किया है कि डूरंड कप समेत देश की अन्य सभी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में जमशेदपुर की टीम हिस्सा लेती रहेगी। जमशेदपुर में बने विश्वस्तरीय फुटबॉल इंफ्रास्ट्रक्चर और मैदान सभी टीमों के लिए खुले रहेंगे, जहां कोई भी टीम आकर प्रैक्टिस या मैच खेल सकती है। हालांकि जमशेदपुर के घरेलू मैदान पर ISL के मैच होंगे या नहीं, इस पर निर्णय नई मैनेजमेंट बॉडी द्वारा लिया जाएगा।
टाटा स्टील का नया मास्टरप्लान: अब महिला फुटबॉल पर रहेगा पूरा फोकस
पुरुष टीम का संचालन सौंपने के बाद टाटा स्टील अब देश में महिला फुटबॉल को एक नया मुकाम देने की तैयारी में जुट गई है। कंपनी जल्द ही एक समर्पित महिला फुटबॉल अकादमी शुरू करने जा रही है। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। टाटा स्टील की योजना ऐतिहासिक ‘टाटा फुटबॉल अकादमी’ की महिला टीम को आने वाले समय में इंडियन वूमेन्स लीग में उतारने की है, जिसके लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है।

