हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में पासवान चौक सब्जी मंडी के पास ड्यूटी से लौट रही महिला दरोगा के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सड़क पर खड़ी कार की वजह से लगे जाम को हटाने के लिए कहने पर कार सवार महिला दरोगा से उलझ गए और उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इस दौरान वर्दी के साथ भी अभद्रता करने का आरोप है।
बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाही से भी मारपीट
बताया गया कि महिला दरोगा नेहा कुमारी औद्योगिक थाना में तैनात हैं और कोर्ट ड्यूटी से लौट रही थीं। जाम देखकर उन्होंने कार चालक से वाहन आगे बढ़ाने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने भी महिला दरोगा के साथ बदसलूकी की। महिला दरोगा को बचाने पहुंचे नगर थाना के एक सिपाही के साथ भी मारपीट की गई।
मोबाइल छीनने का भी आरोप
महिला दरोगा ने घटना की सूचना थाना को देने के लिए मोबाइल निकालने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनका मोबाइल छीन लिया गया। इसके बाद उन्होंने दूसरे फोन से गश्ती टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस पर दबाव बनाने थाना पहुंचे अधिवक्ता
अधिवक्ता को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद कई वकील औद्योगिक थाना पहुंचे और पुलिस से हिरासत में लेने का कारण पूछा। वहीं, महिला दरोगा नेहा कुमारी ने अपने साथ हुई घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
आरोपियों ने लगाए अलग आरोप
मामले में आरोपी मनीष कुमार का कहना है कि पुलिस ने उनके सामने उनकी पत्नी और बच्चे के साथ मारपीट की। वहीं अधिवक्ता के समर्थन में पहुंचे अन्य वकीलों ने आरोप लगाया कि एडवोकेट को जानबूझकर मामले में फंसाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

