हाईवा हादसे में मृतक के परिजनों को मिला 10 लाख का मुआवजा, घायलों को भी 50-50 हजार रुपये

Reena Sharma
2 Min Read

निरसा, धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के सिनेमा मोड़ के पास करीब एक सप्ताह पूर्व हाईवा की चपेट में आने से हुई सड़क दुर्घटना में मृतक मंगल भुइया के परिजनों को रविवार को मुआवजा दिया गया। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने मृतक के घर पहुंचकर आश्रितों को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। वहीं, हादसे में घायल हुए दोनों युवकों को भी 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, निरसा मध्य पंचायत निवासी मंगल भुइया बीती देर शाम दो दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिनेमा मोड़ के समीप एक अनियंत्रित हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मंगल भुइया की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया था। इसके बाद MPL प्रबंधन के साथ वार्ता हुई, जिसमें मुआवजा देने पर सहमति बनी।

Advertisement

रविवार सुबह निरसा विधायक अरूप चटर्जी मृतक के घर पहुंचे और आश्रितों को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके अलावा मृतक के दाह संस्कार के लिए 50 हजार रुपये पहले ही अग्रिम राशि के रूप में दिए जा चुके थे। हादसे में घायल दोनों युवकों को भी 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गयी।

मुआवजा मिलने के बाद मृतक के पुत्र ने विधायक अरूप चटर्जी की पहल की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मिली आर्थिक सहायता परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

Share This Article