ऑपरेशन NARCOS के तहत धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई की है। प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के हावड़ा छोर पर गश्त के दौरान टीम को तीन लोग तीन ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
तलाशी के दौरान छह बैग से गांजा के 41 पैकेट बरामद किए गए। बरामद गांजे का कुल वजन 43.94 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरा निवासी सुनील चौधरी और पश्चिम बंगाल निवासी उमेश कुमार राय के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे भुवनेश्वर से तेजस राजधानी एक्सप्रेस के जरिए गांजा लेकर बोकारो पहुंचे थे।
पूछताछ में तस्करी के लिए अपनाए जा रहे तरीके का भी खुलासा हुआ है। दोनों आरोपी प्रीमियम ट्रेनों में एसी का कंफर्म टिकट लेकर आम यात्रियों की तरह सफर करते थे। उन्हें धनबाद से पटना और फिर आरा पहुंचकर गांजा दूसरे लोगों को सौंपना था, जिसके बदले दोनों को छह-छह हजार रुपये मिलने थे। जीआरपी धनबाद ने NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी अनिल सिंह की तलाश जारी है।

