डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : स्वर्णरेखा व खरकई नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और नदी के तटीय व डूब क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा जलजमाव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जुस्को के सहयोग से शास्त्रीनगर, रामजनमनगर, बागबेड़ा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में मोटर पंप के माध्यम से जल निकासी का कार्य कराने के लिए निर्देशित किया गया है। संबंधित नगर निकाय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जलजमाव वाले क्षेत्रों की स्थिति का लगातार आकलन करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन व मशीनरी की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को जलजमाव से जल्द से जल्द राहत मिल सके।
साथ ही जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, जुगसलाई नगर परिषद व मानगो नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि संभावित प्रभावित नागरिकों के लिए चिन्हित आश्रय स्थलों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। आश्रय स्थलों पर खाने-पीने, भोजन, फर्स्ट एड, प्रकाश, स्वच्छता व अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पूरी रहे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिन क्षेत्रों में जलजमाव कम हो गया है या पानी निकल चुका है, वहां युद्धस्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। जल निकासी के बाद सड़कों, गलियों व सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग कराने को कहा गया है। जलजमाव के कारण उत्पन्न गंदगी व मच्छरों के प्रजनन की संभावना को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता व मच्छररोधी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौसम जनित व जलजनित बीमारियों के प्रसार की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग को भी प्रभावित व संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि जलजमाव के बाद आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, दूषित पानी के सेवन से बचें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्क रहें।
उपायुक्त राजीव रंजन ने डूब क्षेत्र व नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। आवश्यकता होने पर प्रशासन द्वारा चिन्हित आश्रय स्थलों और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें। नदी, नाला व जलजमाव वाले क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से जाने से बचें। प्रशासन व स्थानीय निकायों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

