बोकारो। बोकारो के बैरा बस्ती दुग्ध की रहने वाली 65 वर्षीय विधि देवी की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
परिजन विनोद टुडू के अनुसार, विधि देवी गुरुवार सुबह खेत की ओर गई थीं। खेत के आसपास जंगल का इलाका है। वहां से वापस घर लौटने के दौरान उनके पैर में सांप ने काट लिया। हालांकि, उस समय उन्हें सांप के काटने का पता नहीं चला। उन्हें लगा कि किसी लकड़ी से पैर में चोट लगी है।
घर पहुंचने से पहले ही विधि देवी अचानक बेहोश होकर गिर गईं। परिजनों ने उन्हें उठाया तो पैर में सांप के काटने का निशान दिखाई दिया। शुरुआत में उनकी स्थिति सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ देर बाद पैर में तेज दर्द के साथ सूजन बढ़ने लगी।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से भी हालत गंभीर होने पर उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर किया गया।
परिजन उन्हें लेकर एसएनएमएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने विधि देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों के अनुसार, सांप के काटने का समय पर पता नहीं चल पाने के कारण इलाज शुरू होने में देरी हुई, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

