संस्कार ज्ञानपीठ में शुक्रवार को धनबाद पुलिस की ओर से साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कतरास पुलिस निरीक्षक मो. रुस्तम अंसारी रहे। कार्यक्रम का आयोजन बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार एवं अवर पुलिस निरीक्षक शुभम प्रामाणिक के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। साथ ही सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल एवं संदेश, ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के खतरों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। मुख्य अतिथि मो. रुस्तम अंसारी ने विद्यार्थियों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार राय ने धनबाद पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से धनबाद पुलिस के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

